राजगंज, 18 अगस्त (नि.सं.)। पत्नी की हत्या करने के बाद पति द्वारा जहर खाकर खुद भी अपनी जान देने की कोशिश किए जाने की घटना से राजगंज ब्लॉक के आमबाड़ी के भाटपाड़ा इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हल्दीबाड़ी निवासी भवतोष विश्वास की करीब छह महीने पहले राजगंज के बिन्नागुड़ी ग्राम पंचायत के आमबाड़ी भाटपाड़ा निवासी सोनाली विश्वास से शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा था। दांपत्य कलह के कारण कुछ दिन पहले सोनाली अपने मायके चली आई थी।
सोमवार को भवतोष पत्नी को वापस ले जाने की बात कहकर ससुराल पहुंचा। आरोप है कि रात में वह सोनाली को ससुराल से सटे एक छत पर बुलाकर ले गया और धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने वहीं जहर खाकर अपनी जान देने की कोशिश की।
उस समय सोनाली के परिवारवालों को घटना की जानकारी नहीं हुई। उन्हें लगा कि दोनों भवतोष के घर लौट गए हैं। मंगलवार सुबह सोनाली का फोन नहीं आने पर परिवार के सदस्यों ने आसपास तलाश शुरू की। इसी दौरान छत पर सोनाली का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। पास ही भवतोष अचेत अवस्था में पड़ा था।
घटना की सूचना मिलते ही भोरेर आलो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सोनाली के शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया गया। वहीं, अचेत भवतोष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से धारदार हथियार और जहर की बोतल बरामद की है। साथ ही विभिन्न नमूने भी एकत्र किए गए हैं। बरामद सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
