फूलबाड़ी,10 जून (नि.सं)। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग तीस्ता कैनल में जीवन जोखिम में डालकर नहाने जा रहे है। जिसके कारण बार-बार घटनाएं हो रही हैं। फूलबाड़ी से आमबाड़ी जाने वाली सड़क पर तीस्ता कैनल इलाके में आसपास के इलाकों के कई युवक हर दिन यहां आ रहे है। जब गर्मी अपना चरम पर है तो जन-जीवन व्याकुल हो गया है। ऐसे में कई लोग अपने शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए कैनल के ठंडे पानी में उतर कर स्नान कर रहे है। लेकिन यह राहत जानलेवा बनती जा रही है। हर साल इस कैनल में नहाने के दौरान दुर्घटनाएं होती हैं। इससे पहले भी कई युवकों की तीस्ता कैनल में बहने से मौत हो चुकी है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन ने कई बार चेतावनी जारी की है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रतिबंध के बावजूद बड़ी संख्या में युवक कैनल में उतर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने कहा कि फूलबाड़ी और उसके आसपास के इलाकों से कई युवक हर दिन कैनल में उतर रहे है। एक तरफ सुरक्षा व्यवस्था नहीं है तो दूसरी तरफ पुलिस और प्रशासन की ओर से बार-बार मनाही के बावजूद कोई ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि हर साल किसी न किसी की जान चली जाती है।
