सिलीगुड़ी, 8 नवंबर (नि.सं.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के चौथे और अंतिम दिन आज छठव्रतियों ने उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर इस महापर्व का समापन किया। बड़ी संख्या में छठव्रती उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए छठ घाटों पर पहुंचे और पानी में डुबकी लगाने के बाद भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। सभी ने अपने और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, छठ पूजा के आखिरी दिन उत्तर बंगाल के एकमात्र सूर्य मंदिर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। आपको बता दें कि सूर्य मंदिर सिलीगुड़ी के 46 नंबर वार्ड अंतर्गत समरनगर इलाके में गीता देवी घाट पर स्थित है।
हर साल की तरह इस साल भी छठ पूजा का आयोजन बड़े ही धूमधाम से किया गया। आज सुबह सूर्य मंदिर में पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई।आज मंदिर में महायज्ञ का भी आयोजन किया गया। साथ ही जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटे गए। इस दौरान 46 नंबर वार्ड के वार्ड पार्षद दिलीप बर्मन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
