सिलीगुड़ी,1 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के जलपाईमोड़ पर डाबग्राम रेंज के वनकर्मियों ने अभियान चलाकर लाखों की अवैध लकड़ि़यों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विश्वनाथ बर्मन के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा इलाके का रहने वाला है।
बताया जा रहा है कि वन विभाग को सूचना मिली थी कि सोमवार को सिलीगुड़ी से चार पहिया वाहन में लकड़ी की तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा है। उस सूचना के आधार पर वन कर्मियों ने जलपाईमोड़ इलाके में छापेमारी की और एक संदिग्ध वाहन को जब्त किया गया। इसके बाद तलाशी के दौरान वाहन से भारी मात्रा में लकड़ी बरामद हुई।
जिसके बाद वाहन चालक को लकड़ियों का वैध दस्तावेज दिखाने को कहा गया, लेकिन चालक लकड़ी के कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। बाद में चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। चार पहिया वाहन के साथ एक स्कूटी भी थी। हालांकि, स्कूटी चालक मौके से फरार हो गया। स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया। वन विभाग ने बताया कि पूरी घटना की जांच की जा रही है और फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
