सिलीगुड़ी,10 अप्रैल (नि.सं.)। मोटी ब्याज का लालच देकर लाखों रूपये ठगी करने के आरोप में पानीटंकी चौकी की पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम विशाल साहा(24) है। वह सिलीगुड़ी नगर निगम के15 नंबर वार्ड अंतर्गत हाकिमपाड़ा राजाराममोहन राय रोड का निवासी है।
विशाल ने लोगों से मोटी ब्याज देने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपए लिए। शुरूआत में कुछ लोगों को ब्याज की रकम दी। जिससे और लोग उसके झांसे में आ गए,लेकिन कुछ महीनों बाद वह मूलधन लेकर फरार हो गया। अंत में ठंगी के शिकार हुए लोगों ने थाने में घटना की एक लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत के आधार पर पानीटंकी चौकी की पुलिस ने बीती रात ही विशाल साहा को गिरफ्तार किया। आज आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विशाल ने कई लोगों से रूपए उधार लिए थे। लेकिन बाद में वह रूपए वापस नहीं किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
