खोरीबाड़ी, 26 जून (नि.सं.)। नई सरकार के सत्ता में आते ही खोरीबाड़ी में 100 दिनों के काम की शुरुआत हो गई है। आज से खोरीबाड़ी के पानीशाली ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत काम शुरू किया गया।
बताया गया है कि आगामी 1 जुलाई से इस योजना के स्थान पर केंद्र सरकार ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ यानी वीबी-जी राम जी ग्रामीण रोजगार परियोजना शुरू करने जा रही है। पश्चिम बंगाल में भी सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार ने योजनाओं को पारदर्शिता के साथ लागू करने की पहल की है।
हालांकि, कोलकाता हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार विधानसभा चुनाव से पहले खोरीबाड़ी ब्लॉक के दो ग्राम पंचायतों में 100 दिन के काम के तहत दो परियोजनाएं शुरू की गई थी। उन्हीं में से एक लंबित कार्य अब खोरीबाड़ी ग्राम पंचायत के छिट हावदाभिटा क्षेत्र में बुन नदी के किनारे शुरू किया गया है।
ग्राम पंचायत प्रधान परिमल सिंह ने बताया कि तालाब खुदाई और सौंदर्यीकरण के लिए इस परियोजना में 4 लाख 70 हजार 508 रुपये की राशि आवंटित की गई है। आने वाले समय में 125 दिनों के काम की भी योजना है। काम शुरू होते ही जॉब कार्ड धारकों में खुशी देखी जा रही है।
