चार साल बाद फिर शुरू हुआ 100 दिन का काम, राजगंज में लौटी खुशियां  

राजगंज, 12 जून (नि.सं.)। करीब चार साल तक बंद रहने के बाद एक बार फिर 100 दिनों के काम की शुरुआत हो गई है। काम शुरू होते ही राजगंज में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। लंबे समय बाद रोजगार का अवसर मिलने से ग्रामीण मजदूरों के चेहरे पर राहत और मुस्कान लौटी है।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार के गठन के समय 100 दिनों का काम जल्द शुरू करने का वादा किया गया था। सरकार बनने के लगभग एक महीने के भीतर ही इस वादे को पूरा किए जाने से ग्रामीण श्रमिकों में उम्मीद जगी है।

राजगंज ब्लॉक के कुकुरजान ग्राम पंचायत क्षेत्र से जलपाईगुड़ी जिले में इस योजना की औपचारिक शुरुआत की गई। इस मौके पर 22 ग्रामीण मजदूरों के साथ परियोजना का काम शुरू हुआ। फीता काटकर और नारियल फोड़कर कार्य का शुभारंभ राजगंज के बीडीओ इंचार्ज सौरभ कांति मंडल ने किया।

इस कार्यक्रम में जिला और ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी, कुकुरजान ग्राम पंचायत के प्रधान गोपाल पोद्दार समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार, चरणबद्ध तरीके से ब्लॉक के अन्य इलाकों में भी यह काम शुरू किया जाएगा। लंबे समय बाद रोजगार मिलने से मजदूरों में खुशी और उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes