राजगंज, 10 फरवरी(नि.सं.)। राजगंज के चेयरीखांड़ी क्षेत्र में राजबंशी क्षत्रिय समाज का 114वां उपनयन दिवस भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय राजबंशी क्षत्रिय मिलन दिवस एवं कुलगुरु–कुलशिष्य सम्मेलन का भी आयोजन किया गया।
उत्तर बंगाल क्षत्रिय राजबंशी कुलगुरु–कुलशिष्य एवं भक्त समाज सेवा संस्था की जलपाईगुड़ी जिला समिति के तत्वावधान में आमबाड़ी क्षेत्र के मेहेंदिगछे स्थित करतोया नदी के तट पर यह धार्मिक एवं सामाजिक उत्सव आयोजित हुआ। सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई तथा संस्था का ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विभिन्न पूजा-अर्चना के माध्यम से पूरे दिन कार्यक्रम चला।
इस अवसर पर 200 से अधिक किशोरों और युवाओं ने उपनयन संस्कार के माध्यम से क्षत्रिय धर्म की दीक्षा ग्रहण की। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा नेपाल से भी कई विशिष्ट व्यक्तियों ने भाग लिया।संस्था की जलपाईगुड़ी जिला समिति के अध्यक्ष करुणाकांत अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम चरण में शिव पूजा, गंगा पूजा, शक्ति संचरणी पूजा एवं राधा-गोविंद पूजा संपन्न हुई। इसके पश्चात राजबंशी समाज में उपनयन संस्कार की आवश्यकता और ठाकुर पंचानन के योगदान पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के अंत में आज सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया गया है।
