सिलीगुड़ी, 31 दिसंबर (नि.सं.)। नए साल को लेकर सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने 31 दिसंबर और 1 जनवरी के लिए विशेष तैयारी की है। नव वर्ष पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डेढ़ हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी शहर के विभिन्न जगहों में तैनात रहेंगे। नए साल में सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस अंतर्गत समस्त थाना के अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेशन बैठक किये गए है। नये साल को लेकर पूरे शहर को सुरक्षा किले में तब्दील कर दिया गया है। गौरतलब है कि नववर्ष के आते ही पिकनिक भी शुरू हो जाता है। जिसे ध्यान में रखते हुए बागडोगरा, माटीगाड़ा, प्रधान नगर, भक्तिनगर, आमबाड़ी और भोरेर आलो पुलिस थाने को विशेष दायित्व दिया गया है।
इस विषय पर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के हेडक्वार्टर डीसीपी तनमय सरकार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नव वर्ष को लेकर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस की मजबूत तैयारी की गई है। डेढ़ हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही पूरे शहर पर नजर रखने के लिए क्यूआरटी, मोबाइल पेट्रोलिंग, महिलाओं के लिए विशेष विनर्स वाहिनी, पिंक पेट्रोलिंग वैन के साथ 100 से ज्यादा महिला पुलिसकर्मी एवं सफेद पोशाक में खुफिया विभाग भी तैयार रहेगी।सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस रात में भी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। शराब पीकर अथवा बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कड़ी करवाई के आदेश दिए गए है। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंस होल्डर बार से ब्रेथ एनालाइजर मशीन रखने की अपील की गई है। किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर पुलिस के साथ संपर्क करने का आदेश दिया गया है।
