सिलीगुड़ी में बार डांसर मौत मामला: मृतका की छोटी बहन ने डांस बार मालिक और मैनेजर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

सिलीगुड़ी,16 जून (नि.सं.)। दिल्ली की रहने वाली 21 वर्षीय सारिका राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में मृतका की छोटी बहन ने डांस बार के मालिक और मैनेजर पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, सारिका राजपूत करीब दो वर्ष पहले दिल्ली से सिलीगुड़ी आई थी। यहां वह सेवक रोड स्थित एक रेस्टोरेंट कम बार में फ्लोर डांसर के रूप में काम कर रही थी।  
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम को भक्ति नगर थाने की पुलिस ने सरकारपाड़ा स्थित किराए के बंद कमरे का दरवाजा तोड़ कर सारिका राजपूत के फंदे से लटका शव बरामद किया था। बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया। 
मृतका की छोटी बहन का आरोप है कि जिस बार में सारिका काम करती थी। वहां के मैनेजर द्वारा उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। छोटी बहन को संदेह है कि सारिका की मौत के पीछे कुछ रहस्य है। इसी आधार पर उसने भक्ति नगर थाना में बार के मालिक और मैनेजर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। 
मृतका की बहन के आरोपों के बाद संबंधित बार प्रबंधन सवालों के घेरे में आ गया है। हालांकि बार प्रबंधन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes