उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, सांसद राजू बिष्ट बोले- यूपी से 24 जेसीबी मंगाई जा रही
सिलीगुड़ी,14 मई (नि.सं.)। अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी करते हुए सांसद राजू बिष्ट ने ऐलान किया है कि यूपी से 24 जेसीबी मंगाई जा रही हैं। इन मशीनों के पहुंचते ही शहर के सभी अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।
महकमा शासक कार्यालय में प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि अवैध निर्माण को चिन्हित करने का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन्होंने अवैध निर्माण किया है, वे खुद ही उसे हटा लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सिलीगुड़ी की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई, जिसमें पुलिस कमिश्नर, जिला शासक और दार्जिलिंग के एसपी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों की सूची उनके पास है और शहर को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा छोटे व्यापारियों से वसूले जा रहे गुंडा टैक्स को बंद करने, अवैध टोल प्लाजा पर कार्रवाई करने और अवैध शराब दुकानों, पब व बार को बंद कराने की बात भी कही गई। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी और कानून के तहत सख्त कदम उठाए जाएंगे।
