राजगंज,12 जून (नि.सं.)। राज्यभर में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच राजगंज के फाटापुकुर स्थित होल्डिंग सेंटर में 26 लोगों को अस्थायी रूप से रखा गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इनमें 15 महिलाएं, 7 बच्चे और 4 पुरुष शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, ये सभी घुसपैठिये करीब 3 से 4 साल पहले अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए थे। सीमावर्ती रास्तों से आने के बाद ये लोग रिक्शा चलाने, रंगाई-पुताई जैसे छोटे-मोटे कामों में लगे हुए थे।
सरकार बदलने के बाद जारी नए निर्देशों के तहत अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर हर जिले में बनाए गए होल्डिंग सेंटर में रखने का आदेश दिया गया है। उसी के तहत यह कार्रवाई शुरू की गई है। इन्हें एक बस के जरिए इस्लामपुर की ओर से फाटापुकुर लाया गया।
फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर को अस्थायी रूप से तैयार किया गया है, जहां सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पूरे परिसर को टिन से घेरा गया है और अंदर रहने, खाने-पीने तथा बाथरूम की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिसकर्मी और सिविक वालंटियर तैनात हैं।
