सिलीगुड़ी, 24 जून (नि.सं.)। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने एक युवक को भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लिट्टू दास (31) के रूप में हुई है, जो भोलामोर इलाके का निवासी है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसओजी और सिलीगुड़ी थाने की पुलिस ने जोरापानी पुल के पास स्थित फूलेश्वरी बाजार इलाके में छापेमारी की। अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान उसके पास से 286 ग्राम ब्राउन शुगर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।
