उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में अवैध खनन पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 ट्रक जब्त, एक गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 13 मई (नि.सं.)। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस एक्शन मोड में आ गई। प्रधान नगर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर नदी से अवैध रूप से निकाले जा रहे बालू-पत्थर से लदे 5 ट्रकों को जब्त किया। पुलिस की रेड की भनक लगते ही कई आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी पहचान राजू शर्मा के रूप में हुई है। वह मिलन मोड़ इलाके का निवासी बताया जा रहा है।
आरोप है कि बोबाजार मिलिट्री स्टेशन के आसपास पिछले कई दिनों से अवैध खनन का काम चल रहा था। गुप्त सूचना मिलने के बाद बीती रात पुलिस ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन इसी दौरान राजू शर्मा को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे पांच वाहनों को भी जब्त कर लिया है। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर कई अन्य आरोपी भागने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
