सिलीगुड़ी, 2 अक्टूबर (नि.सं.)। मेडिकल चौकी की पुलिस ने 5 वर्षीय बच्ची के अपहरण के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम सुमन साहनी (37) है। वह मूल रूप से तालीजोत बलासन कॉलोनी की निवासी है।
पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले बिहार से एक परिवार चिकित्सा के लिए उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल पहुंची था। इस दौरान आरोपी महिला सुमन साहनी ने उस परिवार के साथ बातचीत के माध्यम से नजदीकियां बनाई। इसके बाद सुमन अपने प्लान के तहत 28 सितंबर को उक्त परिवार की 5 वर्षीय बच्ची को बिस्कुट खिलाने के नाम पर लेकर निकली और गायब हो गयी। इसके बाद पीड़ित परिवार ने दूसरे दिन मेडिकल चौकी में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर जांच में जुटी मेडिकल चौकी प्रभारी विश्वजीत घोष ने मेडिकल कॉलेज के कॉरिडोर का सीसीटीवी फुटेज को खंगाला शुरू किया। जिसके माध्यम से आरोपी महिला की शिनाख्त की। इसके बाद बीती रात सिलीगुड़ी जंक्शन रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, 5 वर्षीय बच्ची को भी बरामद कर लिया। गिरफ्तार महिला को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी महिला का यह दूसरी शादी है। पहली शादी से उसके चार बच्चे है, जो उसके पहले पति के साथ रहते है। जिस वजह से बच्चे की चाह में उसने उक्त बच्ची का अपहरण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।