माटीगाड़ा, 4 जनवरी (नि.सं.)। स्कूल में कथित तौर पर मारपीट और अपमान के बाद घर लौटकर एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार माटीगाड़ा बालिका विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा प्रिया राय बीते दिन स्कूल में दाखिला लेने पहुंची थी। आरोप है कि छात्रा के परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन ने उसका दाखिला लेने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद स्कूल के भीतर एक बंद कमरे में छात्रा के साथ मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि स्कूल से अपमानित होकर निकाले जाने के बाद प्रिया सीधे घर लौटी। उसने किसी को कुछ नहीं बताया और स्कूल की ड्रेस पहने हुए ही कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर परिजनों को शक हुआ। जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। वहां छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद आज छात्रा की मां ने माटीगाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि यदि छात्रा के रिजल्ट में कोई समस्या थी तो स्कूल प्रशासन को अभिभावकों को बुलाकर बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए था। आरोप है कि छात्रा को स्कूल से बाहर निकाल देने के कारण वह गहरे सदमे में चली गई। जिसके चलते उसने अपनी जान दे दी। नाबालिग की मां ने आरोपियों के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों के साथ व्यवहार और मानसिक दबाव के मुद्दे को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल इस विषय पर स्कूल प्रबंधन का जवाब नहीं आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
