माटीगाड़ा, 4 जनवरी (नि.सं.)। उत्तरायण टाउनशिप में कुछ समय के लिए सुनसान एक फ्लैट को बदमाशों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोना-चांदी व हीरे के गहनों एवं नकद 1.5 लाख रुपये पर हाथ साफ कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार उत्तरायण टाउनशिप स्थित उक्त फ्लैट के निवासी अपने परिवार के साथ शाम के समय बाहर गए थे। वापस लौटा तो देखा कि मकान का पिछला गेट खुला हुआ है। वहीं, अंदर जाने पर घर का ग्रिल और अलमारियां टूटी हुई थी। इस विषय में माटीगाड़ा थाना में शिकायत दर्ज की गई। घर मालिक ने शिकायत में बताया कि बदमाशों ने घर के अलमारियों से करीब 1.5 लाख रुपये, सोने के 7 सिक्के, चांदी के 50 सिक्के, हीरे की 7 जोड़ी चुड़ी, सोने की 4 चेन सहित अन्य कीमती जेवरात चोरी कर ली है। इतना ही नहीं चोर पूजा घर से चांदी के बर्तन, लड्डू गोपाल, राधा-कृष्ण की फोटो एवं पूजा की थाली भी चोरी कर ले गया। फिलहाल, शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है। इतनी बड़ी चोरी की घटना के बाद से उत्तरायण टाउनशिप और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
