सिलीगुड़ी, 24 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास स्थित बानेश्वर मोड़ इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक चालक की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, बाइक चालक बानेश्वर मोड़ से आशिघर मोड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक लॉरी ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है कि हादसे के समय युवक बाइक चलाते हुए मोबाइल पर बात कर रहा था और उसने हेलमेट भी नहीं पहना था।
घटना की सूचना मिलते ही आशिघर सब ट्रैफिक गार्ड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिलीगुड़ी जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद लॉरी चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
