उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा, युवक की मौत; इलाज में लापरवाही का आरोप
सिलीगुड़ी, 13 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के इंदिरा गांधी मैदान के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक सिंह के रूप में हुई है। वह बिहार का निवासी था, लेकिन लंबे समय से सिलीगुड़ी में अपने एक दोस्त के घर रहकर काम कर रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम दीपक सिंह अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर इलाके में खड़े थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक अन्य बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद उन्हें तुरंत सिलीगुड़ी जिला अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें एक निजी नर्सिंग होम में रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके से दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है। वहीं, आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
इधर, मृतक के दोस्तों ने जिला अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल में उचित इलाज नहीं किया गया। आरोप है कि अस्पताल के एक अधिकारी का आरोपी से करीबी संबंध होने के कारण जानबूझकर लापरवाही बरती गई और आरोपी को भागने में मदद की गई।
इन आरोपों के आधार पर बुधवार को मृतक के परिजनों और दोस्तों ने भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
