वृद्ध महिला से सोने की बाली छीनने वाला आरोपी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 17 जून (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला दुकानदार से सोने की बाली छीनकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से छीनी गई बाली बरामद कर ली है और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रॉनी रॉय (22) उर्फ राना के रूप में हुई है, जो सिलीगुड़ी के हैदरपाड़ा इलाके का निवासी बताया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार शाम ओल्ड माटीगाड़ा इलाके की एक किराना दुकान में आरोपी ग्राहक बनकर पहुंचा। उसने सामान खरीदने का बहाना किया और बातचीत के दौरान अचानक वृद्ध महिला दुकानदार के कान से सोने की बाली छीन ली। इसके बाद वह बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़ित महिला की शिकायत पर माटीगाड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और देर रात पतिरामजोत इलाके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की बाली और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को गुरुवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes