सिलीगुड़ी,16 जून (नि.सं.)। छात्रवृत्ति घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान पुलिस ने माटीगाड़ा थाने की पुलिस की मदद से चोपड़ा निवासी बाबुल हक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनसीपी) के जरिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर छात्रवृत्ति की राशि हासिल करने का आरोप है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया, जहां राजस्थान पुलिस ने विस्तृत पूछताछ के लिए ट्रांजिट रिमांड की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को चार दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर राजस्थान ले जाने की अनुमति दे दी। अदालत के निर्देश के बाद राजस्थान पुलिस आरोपी को अपने साथ लेकर रवाना हो गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया, बैंक खातों के इस्तेमाल और इस घोटाले में अन्य लोगों की संलिप्तता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस मामले में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
