सिलीगुड़ी को नशा मुक्त बनाने की पहल, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन

सिलीगुड़ी,14 मई (नि.सं.)। शहर को मादक पदार्थों के कारोबार से मुक्त करने के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम का गठन किया है, जो शहर में नशे के नेटवर्क को खत्म करने पर विशेष रूप से काम करेगी। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के डीसीपी राणा मुखर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा के नेतृत्व में इस विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) के साथ मिलकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। यह टास्क फोर्स शहर के सभी थानों के साथ समन्वय बनाकर काम करेगी और सिलीगुड़ी को नशा मुक्त बनाने के लक्ष्य पर फोकस करेगी। टीम में एडिशनल एसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों और पांच सदस्यों को शामिल किया गया है। इसके अलावा, प्रत्येक थाना से दो अधिकारियों को इस टास्क फोर्स के साथ संपर्क बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि कार्रवाई तेज और प्रभावी हो सके। पुलिस का मानना है कि इस विशेष टीम के गठन से सिलीगुड़ी में मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगेगा और शहर को नशा मुक्त बनाने में मदद मिलेगी।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *