दूधिया, 24 जून (नि.सं.)। दूधिया में बालासन नदी पर एक बार फिर आवाजाही शुरू हो गई है। नदी पर बना ह्यूम पाइप का अस्थायी पुल टूट जाने के बाद आखिरकार सेना की पहल पर वहां एक फुट ब्रिज तैयार किया गया है। इस नए पुल से अब आम लोगों की आवाजाही शुरू हो चुकी है, जिससे कई दिनों की परेशानी के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, यह नया फुट ब्रिज लगभग 1 मीटर चौड़ा और 34 फुट लंबा है। फिलहाल इस पुल के जरिए सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच पैदल यात्री आवागमन कर सकते हैं। हालांकि, वाहनों की आवाजाही सामान्य होने में अभी कुछ समय लगेगा।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले लगातार भारी बारिश के कारण बालासन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। तेज बहाव में दूधिया का अस्थायी ह्यूम पाइप पुल बह गया। जिससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना ने तुरंत कार्रवाई की और युद्ध स्तर पर काम करते हुए कुछ ही दिनों में बालासन नदी पर यह अस्थायी फुट ब्रिज तैयार कर दिया। फिलहाल पैदल आवाजाही शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन जब तक वाहनों की आवाजाही बहाल नहीं होती तब तक पूरी तरह से समस्या खत्म नहीं मानी जा रही है।
