दूधिया, 23 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच संपर्क फिर से बहाल करने के लिए सेना ने काम शुरू कर दिया है। दूधिया में बेली ब्रिज के साथ-साथ एक फुट ब्रिज भी बनाया जा रहा है।
बीते शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण बालासन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे दूधिया का ह्यूम पाइप से बना अस्थायी पुल डूब गया। इसके चलते सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना के कुछ ही घंटों के भीतर राज्य सरकार के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने अस्थायी पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। अब क्षतिग्रस्त ह्यूम पाइप पुल की जगह एक मीटर चौड़ा और 34 मीटर लंबा फुट ब्रिज बनाया जाएगा।
इसके साथ ही अस्थायी पुल के पास सेना की पहल पर एक बेली ब्रिज भी तैयार किया जा रहा है, जिसकी चौड़ाई लगभग साढ़े तीन मीटर और लंबाई 58 मीटर होगी। उम्मीद है कि अगले 7 दिनों के भीतर इस पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग की सचिव अंतरा आचार्य और जिलाधिकारी हरीशंकर पनिकर ने बालासन नदी में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। स्थानीय लोग चाहते हैं कि जल्द से जल्द सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच यातायात सेवा सामान्य हो जाए।
