सिलीगुड़ी, 02 जुलाई (नि.सं.)। बागडोगरा थाने की पुलिस ने असम से एनजेपी होते हुए बागडोगरा के रास्ते बिहार में ले रही बड़ी गांजा तस्करी की योजना को नाकाम कर दिया है। बागडोगरा थाने की सफेद पोशाक की पुलिस ने गुप्त सूत्रों से मिली खबर के आधार पर अभियान चलाकर केस्टोपुर के पास बोलेरो गाड़ी की छत में छुपा कर रखे गए लाखों रुपए का गांजा के साथ चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के नाम प्रवीण कुमार और विक्की कुमार बताए गए है। दोनों बिहार के निवासी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, असम के श्रीरामपुर से एनजेपी होते हुए बिहार में गांजा तस्करी की विशेष योजना तैयार की गई थी। प्रशासन की आंखों में धूल झोंकने के लिए इस बार गांजा तस्करी के लिए बोलेरो गाड़ी में विशेष चेंबर को बनाया गया। गुप्त सूचना के आधार पर बागडोगरा थाने की पुलिस केस्टोपुर के पास अभियान चलाया। असम से एनजेपी होते हुए बागडोगरा से केस्टोपुर की तरफ आ रही बोलेरो गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी के छत को खोलते ही पुलिस स्तब्ध रह गया, क्योंकि छत को काटकर विशेष चैंबर तैयार किया गया था। पुलिस ने गाड़ी के छत से आठ पैकेट गांजा बरामद की। जिसका कुल वजन करीब 42 किलो है। बरामद गांजा का बाजार मूल्य लाखों रुपए आंकी गई है। जिसके बाद पुलिस ने गांजा तस्करी करने के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत चालक और सह चालक को गिरफ्तार कर लिया। जबकि गाड़ी के अंदर से पुलिस को बिहार, बंगाल और असम का तीन फर्जी नंबर प्लेट भी मिले। जिससे पुलिस को प्राथमिक जांच में लग रहा है कि यह तस्करी गिरोह फर्जी नंबर प्लेट की आड़ में गांजा तस्करी का कारोबार कर रहा था। बागडोगरा थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
