उत्तर बंगाल, समाचार
बांस की आड़ में तस्करी की योजना नाकाम, बागडोगरा में 25 लाख की बर्मा टीक लकड़ी बरामद
बागडोगरा, 25 अप्रैल (नि.सं.)। बांस की आड़ में लकड़ी तस्करी की साजिश का खुलासा हुआ है। बागडोगरा में भारी मात्रा में बर्मा टीक लकड़ी बरामद की गई है।वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, बीती रात करीब 2 बजे बागडोगरा के गोंसाईपुर इलाके में नाका चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक बांस से लदी लॉरी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक चेकपोस्ट तोड़कर फरार होने लगा।
इसके बाद वन विभाग के कर्मियों ने पीछा किया। कॉलेज मोड़ इलाके में चालक लॉरी छोड़कर फरार हो गया। घटना में बांस से लदी लॉरी को जब्त कर लिया गया। तलाशी के दौरान बांस के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में बर्मा टीक लकड़ी बरामद हुई। जब्त लकड़ी की बाजार कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है। पूरे मामले की जांच वन विभाग द्वारा की जा रही है।
