बागडोगरा में तेंदुए के हमले में महिला घायल

सिलीगुड़ी, 2 अगस्त (नि.सं.)। बागडोगरा हवाईअड्डे के पेरिसेबल कार्गो में तेंदुए के हमले में एक महिला घायल हो गई। घायल महिला का नाम शशिकला राई है। बताया गया है कि आज उक्त महिला बागडोगरा के पेरिसेबल कार्गो में घास काट रही थी। तभी एक तेंदुए ने अचानक महिला पर हमला कर दिया।


घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में बरामद कर उत्तरबंग मेडिकल कॉलेज व अस्पताल ले जाया गया। तेंदुए ने महिला के गले में हमला किया है। वहीं, घटना की खबर मिलते ही बागडोगरा रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी गयी है।

इस संबंध में कार्सियांग वन विभाग के डीएफओ हरिकृष्णा से फोन पर संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि तेंदुए की खबर मिलते ही बागडोगरा वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे है।


इसके अलावा सुकना वन्यप्राण विभाग के वनकर्मी भी मौके पर मौजूद हैं। तेंदुए की तलाश की जा रही है। तेंदुआ दिखते ही उसे नींद की गोली मारी जायेगी। यदि तेंदुआ नहीं मिला तो पिंजरा लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *