मियाद खत्म वीजा के साथ भारत में घुसपैठ की कोशिश, सीमा पर बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

खोरीबाड़ी, 4 जून (नि.सं.)। मियाद खत्म वीजा के साथ नेपाल के रास्ते भारत में घुसपैठ की कोशिश करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को एसएसबी ने गिरफ्तार किया। यह घटना खोरीबाड़ी के पानीटंकी इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में हुई।

जानकारी के अनुसार, गश्त कर रहे एसएसबी जवानों ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान पता चला कि उसके वीजा की मियाद काफी पहले ही समाप्त हो चुकी है। इसके बाद उसे खोरीबाड़ी थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। एसएसबी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम मोहम्मद मुक्तार हुसैन है। वह बांग्लादेश के ढाका जिले के नवाबगंज क्षेत्र का निवासी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2023 में वैध वीजा के साथ भारत आया था। बाद में कोलकाता में रहने के दौरान उसका वीजा समाप्त हो गया। इसके बाद वह दलालों के जरिए नेपाल चला गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राज्य में हाल ही में घुसपैठियों की पहचान, निष्कासन और निगरानी बढ़ाए जाने की जानकारी मिलने के बाद वह सीमा के रास्ते दोबारा भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। पूरे मामले की जांच खोरीबाड़ी थाने की पुलिस ने शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes