सिलीगुड़ी में शांतिपूर्ण मतदान के लिए बाउल कलाकार की पहल, लोगों को कर रहे जागरूक

सिलीगुड़ी,16 अप्रैल(नि.सं.)। विधानसभा चुनाव 2026 में अब कुछ ही दिन बाकी हैं। चुनाव को लेकर विभिन्न जगहों पर राजनीतिक तनाव देखा जा रहा है, जिससे आम लोग भी चिंता में हैं। ऐसे में राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त बाउल कलाकार स्वपन दत्त ने जागरूकता अभियान शुरू किया है।
स्वपन दत्त, जो पूर्व बर्धमान के निवासी हैं, बर्धमान, बीरभूम और मेदिनीपुर समेत 17 जिलों में घूम-घूम कर लोगों को शांतिपूर्ण मतदान के प्रति जागरूक कर चुके हैं। फिलहाल वे सिलीगुड़ी पहुंचे हैं, जहां वे बाउल गीतों के माध्यम से लोगों को निर्भय होकर मतदान करने का संदेश दे रहे हैं।


उनका लक्ष्य राज्य के सभी 23 जिलों में जाकर आम लोगों को जागरूक करना है। बिना किसी पारिश्रमिक के किए जा रहे उनके इस सराहनीय प्रयास की हर कोई प्रशंसा कर रहा है।

कलाकार स्वपन दत्त ने कहा कि वे लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से वोट देने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने जागरूकता अभियान चलाया था, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला था। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में किसी भी तरह की हिंसा न हो, इसके लिए वे लोगों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *