सिलीगुड़ी,16 जून (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बागडोगरा निवासी अखिलेश दास की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने बाइक लेकर फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत में बताया गया था कि 19 मई 2026 को कावाखाली स्थित मेडिकल मोड़ पर “ROX” नामक व्यक्ति बाइक खरीदने के बहाने सोशल मीडिया में मिला था। बाद में ट्रायल के नाम पर बाइक लेकर फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान माटीगाड़ा थाने की पुलिस ने जलपाईगुड़ी पुलिस के सहयोग से मयनागुड़ी निवासी अतनु गुहा (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में भी इसी तरह की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। जहां अदालत से चोरी हुई बाइक की बरामदगी के लिए 7 दिनों की पुलिस रिमांड की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
