उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में सिंडिकेट के खिलाफ भाजपा का एक्शन, टैक्सी स्टैंड पर चलाया अभियान
सिलीगुड़ी,11 मई (नि.सं.)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद से ही कथित सिंडिकेट राज के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता और समर्थक लगातार मुखर हो रहे है। आम लोगों का आरोप है कि सिंडिकेट के दबाव से वे परेशान हैं, जिसके चलते भाजपा ने राज्यभर में इसके खिलाफ अभियान शुरू किया है।
सोमवार को सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग मोड़ के पास स्थित टैक्सी स्टैंड इलाके में भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे और कथित सिंडिकेट गतिविधियों को बंद कराने की पहल की।
आरोप है कि इलाके में कुछ टूर और ट्रैवल एजेंसियों के जरिए अलग-अलग जगहों के लिए टिकट बुकिंग में अनियमितताएं हो रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर एजेंसियों के प्रतिनिधियों से बात की और उनके लाइसेंस व जरूरी दस्तावेजों की जांच की। भाजपा का दावा है कि कई एजेंसियों के पास वैध लाइसेंस या आवश्यक कागजात सही नहीं है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रशासन की निगरानी की कमी के कारण इस तरह की अनियमितताएं लंबे समय से चल रही हैं और वे इस अवैध वसूली को बंद कराएंगे।वहीं, एक एजेंसी सदस्य ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह का सिंडिकेट नहीं चलाते और अतिरिक्त पैसे वसूलने के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।इसी बीच, वाहन चालकों का कहना है कि हर गाड़ी से करीब 100 रुपये लिए जाते थे, जो एक तरह के सिंडिकेट के माध्यम से वसूले जाते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रथा बंद होने से उन्हें राहत मिलेगी।
