सिलीगुड़ी, 14 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में एक बार फिर राजनीतिक तनाव देखने को मिला है। ढकनीकाटा इलाके में भाजपा का झंडा फाड़े जाने का आरोप सामने आया है, जिससे क्षेत्र का माहौल गरमा गया।
जानकारी मिलते ही प्रधान नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना को लेकर भाजपा की ओर से थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह एक भाजपा कार्यकर्ता के घर के अंदर पार्टी का झंडा फटा हुआ पाया गया, जबकि घर के गेट पर तृणमूल कांग्रेस का झंडा लगा हुआ था। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया। सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया और जांच शुरू कर दी है।
भाजपा के सिलीगुड़ी संगठन के नेता मन्ना भद्रो ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले भी इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता भाजपा के झंडों और समर्थकों को निशाना बना रहे थे। उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। भाजपा इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करता है।
