सिलीगुड़ी,18 जून (नि.सं.)। शहर के अलग-अलग इलाकों में बारिश का पानी जमा हो रहा है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के 1 और 2 नंबर मंडल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बोरो ऑफिस में समस्या के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन देते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
इस दिन मल्लागुड़ी इलाके से रैली निकालकर भाजपा कार्यकर्ता 1 नंबर बोरो ऑफिस पहुंचे। निर्धारित समय पर पहुंचने के बावजूद चेयरमैन के मौजूद न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि कुछ देर बाद चेयरमैन के आने पर स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव और अन्य नागरिक समस्याओं को लेकर उन्होंने ज्ञापन सौंपा।
भाजपा नेतृत्व का कहना है कि शहर के कई वार्डों में लंबे समय से पेयजल और जल निकासी की समस्या बनी हुई है। आम लोगों की परेशानी कम करने के लिए प्रशासन से जल्द कदम उठाने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन और ज्ञापन दिया गया।
वहीं, वार्ड नंबर 1 की बरो चेयरमैन गर्गी चटर्जी ने कहा कि अगले सात दिनों के भीतर वार्ड 46 से जल निकासी की पूरी कोशिश की जाएगी। साथ ही बारिश के कारण जिन इलाकों में जलभराव की समस्या है, उन्हें भी जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
