सिलीगुड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बिरयानी की दुकान में तोड़फोड़ करने का आरोप

सिलीगुड़ी, 11 जुलाई (नि.सं)। सिलीगुड़ी के हैदरपाड़ा मछली बाजार इलाके में स्थित एक बिरयानी की दुकान में तोड़फोड़ की कोशिश का आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा है। शुक्रवार को इस घटना को लेकर इलाके में काफी तनाव फैल गया।
आरोप है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता बिरयानी की दुकान पर पहुंचे और दावा किया कि वहां प्रतिबंधित मांस से बनी बिरयानी बेची जा रही है। इसी आरोप के आधार पर उन्होंने दुकान का बैनर फाड़ दिया और तोड़फोड़ करने की कोशिश की।
स्थानीय  व्यवसायियों का कहना है कि किसी सरकारी एजेंसी या प्रशासन की जांच का इंतजार किए बिना कुछ लोगों ने खुद ही कानून अपने हाथ में ले लिया। इससे इलाके के व्यवसायियों में भी भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
हैदरपाड़ा व्यवसायी समिति के सचिव बापी घोष ने कहा कि यदि दुकान के खिलाफ कोई शिकायत थी तो उसे व्यवसायी समिति या प्रशासन के सामने रखा जाना चाहिए था। प्रशासन को सूचना दिए बिना सीधे दुकान पर जाकर इस तरह की कार्रवाई करना उचित नहीं है।

वहीं भाजपा कार्यकर्ता रतन शर्मा ने कहा कि उन्हें इस दुकान के संबंध में शिकायत मिली थी, जिसके बाद वे वहां गए। उन्होंने बताया कि इस मामले की जानकारी प्रशासन को भी दी जाएगी।

दुकान की मालिक प्रिया दे ने बताया कि उन्होंने करीब दस वर्ष पहले इस दुकान को किराये पर दिया था और इतने वर्षों में उन्हें कभी इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली। उनका आरोप है कि बिना किसी जांच के दुकान पर गंभीर आरोप लगाकर तोड़फोड़ की कोशिश की गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes