अवैध बालू भंडारण के आरोप में हंगामा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रक पकड़कर पुलिस को सौंपा

सिलीगुड़ी, 24 जून (नि.सं.)। अवैध रूप से बालू और पत्थर जमा कर ऊंचे दामों पर बेचने के आरोप को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बालू से लदा एक ट्रक पकड़ लिया और इसकी सूचना आशिघर फांड़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक के साथ चालक को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद फांड़ी में एक लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस का एक नेता पूर्व चयनपाड़ा इलाके में बिना किसी वैध चालान या दस्तावेज के बालू और पत्थर का अवैध भंडारण कर रहा है और उसे ऊंचे दामों पर बेच रहा है। उनका कहना है कि यह अवैध कारोबार रात के अंधेरे के साथ-साथ दिन में भी खुलेआम चल रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लिखित शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes