सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में युवा मोर्चा का स्वच्छ भारत अभियान   

सिलीगुड़ी, 11 जून (नि.सं.)। भाजपा के संगठनात्मक जिला युवा मोर्चा की पहल पर आज सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में विशेष स्वच्छ भारत अभियान चलाया गया। अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के विभिन्न स्तर के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे।

इस दौरान अस्पताल परिसर में जमा कचरे को साफ किया गया और आम लोगों के बीच स्वच्छता का संदेश पहुंचाया गया। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को भी साफ-सफाई के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

इसके अलावा, अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों के परिजनों को युवा मोर्चा के सदस्यों द्वारा फल वितरित किए गए और मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के संगठनात्मक जिला अध्यक्ष सौरभ बसु सरकार ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है। आज हमने जिला अस्पताल में यह अभियान चलाया है और आने वाले दिनों में भी इस तरह के कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि केवल अस्पताल ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य प्रदूषित क्षेत्रों में भी नियमित सफाई अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes