सिलीगुड़ी, 26 जून (नि.सं.)। एनजेपी थाना क्षेत्र के रेलवे क्वार्टर से एक रेलकर्मी का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना युवभारती क्लब इलाके स्थित रेलवे आवास में सामने आई है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अरिंदम राय बर्मन के रूप में हुई है, जो भारतीय रेलवे में कार्यरत थे और एनजेपी थाना अंतर्गत रेलवे क्वार्टर में रहते थे।
परिजनों के अनुसार, अरिंदम पिछले चार दिनों से ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे। उनकी लगातार अनुपस्थिति को देखते हुए कार्यालय की ओर से कूचबिहार स्थित उनके घर पर संपर्क किया गया, जिसके बाद उनकी मां को इस बात की जानकारी मिली। उन्होंने अपने बड़े बेटे अमिताभ राय बर्मन को हालचाल लेने के लिए रेलवे क्वार्टर भेजा।
जब अमिताभ वहां पहुंचे और दरवाजा खोला, तो कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत एनजेपी थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे के अंदर से अरिंदम का सड़ा-गला शव बरामद किया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अरिंदम विवाहित थे और उनकी एक बेटी भी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक के बड़े भाई के अनुसार, अरिंदम पिछले कुछ समय से मानसिक अवसाद से जूझ रहे थे। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
