जलपाईगुड़ी,13 जून (नि.सं.)। फुटबॉल विश्वकप शुरू होते ही माहौल पूरी तरह बदल गया है। इस खास उत्साह की झलक जलपाईगुड़ी शहर में भी देखने को मिल रही है, जहां एक घर पूरी तरह ब्राजील के रंग में रंग गया है। मासकालाइबाड़ी इलाके में स्थित यह घर स्थानीय लोगों के बीच ‘ब्राजील हाउस’ के नाम से प्रसिद्ध है और विश्वकप के दौरान फिर से सबका ध्यान आकर्षित कर रहा है।
कनाडा में शुरू हुए फीफा विश्वकप का खुमार अब जलपाईगुड़ी तक पहुंच चुका है। इसी उत्साह में रंजन पाल का घर एक बार फिर खास अंदाज में सजाया गया है। पेशे से केबल व्यवसायी रंजन पाल बचपन से ही ब्राजील फुटबॉल टीम के बड़े प्रशंसक हैं। उनके लिए फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि जुनून और भावना है।
रंजन पाल ने बताया कि उन्होंने 2011 में पहली बार अपने घर को ब्राजील के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों—पीला और हरा—से सजाया था। तब से हर विश्वकप में उनका घर नए रूप में सजता है। घर के चारों ओर ब्राजील के झंडे, फुटबॉल से जुड़े प्रतीक, रंग-बिरंगी लाइटें और आकर्षक सजावट की जाती है।
स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राह चलते लोग भी ‘ब्राजील हाउस’ को देखने के लिए रुक जाते हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी के लिए यह घर आकर्षण और उत्साह का खास केंद्र बन गया है।
