राजगंज, 4 जुलाई (नि.सं.)। भोरेर आलो थाने की पुलिस ने दो मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से पुलिस ने करीब 350 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। वहीं, एक स्कूटी भी जब्त की गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात राजगंज के आमबाड़ी हाथिमोड़ राज्य सड़क के मोटागछ इलाके में दो व्यक्तियों के बीच एक पैकेट का आदान-प्रदान होने वाला था। जिसकी गुप्त सुचना पर पहले से मौके पर मौजूद पुलिस ने छापा मारकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से करीब 350 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालदा जिले के निवासी हसमत शेख और राजगंज के सन्यासीकाटा इलाके के निवासी लियाकत अली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मालदा से मादक पदार्थ लाकर राजगंज में बेचने की योजना थी। शनिवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
