राजगंज, 14 मई (नि.सं.)। साहुडांगी इलाके के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 300 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर भोरेर आलो थाना पुलिस ने साहुडांगी संलग्न कैनाल मोड़ इलाके में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक मोटरसाइकिल से बैग में रखी करीब 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
घटनास्थल से दो युवक जिबितेश राय और अब्दुल समद को गिरफ्तार किया गया। दोनों मझियाली ग्राम पंचायत क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। रविवार को दोनों आरोपियों को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया। मामले की जांच भोरेर आलो थाना पुलिस कर रही है।
