उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
फुलबाड़ी में ब्राउन शुगर खरीदने आए तीन युवक पकड़े गए, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
फुलबाड़ी,14 मई (नि.सं.)। ब्राउन शुगर खरीदने आए तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। यह घटना फुलबाड़ी-2 ग्राम पंचायत के कालांगिनी क्षेत्र की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीन युवक तीन टोटो लेकर कालांगिनी गांव पहुंचे थे। उनके संदिग्ध व्यवहार को देखकर इलाके की कुछ महिलाओं ने पहले उन्हें रोका और पूछताछ शुरू किया। आरोप है कि पूछताछ के दौरान युवकों ने स्वीकार किया कि वे ब्राउन शुगर खरीदने आए थे। हालांकि, जिससे उन्हें मादक पदार्थ लेना था, उसका मोबाइल फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसके बाद न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता मतिउर रहमान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और इलाके में नशे के कारोबार को जल्द बंद करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से युवाओं को नशे से बचाने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की।
ग्रामीणों का आरोप है कि कालांगिनी समेत फुलबाड़ी के कई इलाकों में लंबे समय से गुप्त रूप से ब्राउन शुगर का कारोबार चल रहा है, जिससे कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं और युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इलाके में ड्रग्स की बिक्री तुरंत पूरी तरह से बंद की जाए और पुलिस प्रशासन सख्त कार्रवाई करे। पुलिस ने पूरी घटना की जांच शुरू कर दी है।
