उत्तर बंगाल, समाचार
फांसीदेवा में बस और लॉरी की टक्कर, 25 से ज्यादा घायल
फांसीदेवा, 8 मई (नि.सं.)। फांसीदेवा के घोषपुकुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां एक सरकारी यात्री बस और मालवाहक लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, बस इस्लामपुर से सिलीगुड़ीआ रही थी। इसी दौरान हाईवे पर चढ़ते समय लॉरी से उसकी टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक समेत करीब 25 यात्री घायल हो गए, जबकि लॉरी चालक और सहचालक भी जख्मी हुए हैं। दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में लॉरी चालक वाहन में फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और लॉरी को जब्त कर लिया है। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
