सिलीगुड़ी में किरायेदारों पर छिनतई का आरोप, इलाके में सनसनी  

सिलीगुड़ी, 25 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 38 के पूर्व विवेकानंद पल्ली इलाके में एक चौंकाने वाली छिनतई की घटना सामने आई है, जिसमें किरायेदारों पर ही आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी साधन चंद्र साहा के घर में करीब तीन महीने पहले अनिल मंडल, बाबली मंडल और कोयल मंडल किराए पर रहने आए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ दिन पहले घर के आंगन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।आरोप है कि गुरुवार को अचानक किरायेदारों ने घर मालिक की पत्नी यमुना साहा को अपने कमरे में बुलाया। वहां उन्हें बैठने के लिए कहा गया और बातचीत के दौरान अचानक उनकी आंख और मुंह काले कपड़े से बांध दिए गए। इसके बाद उन्हें धमकी दी गई कि पीछे एक बंदूकधारी खड़ा है। आरोप है कि उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई।परिवार का यह भी आरोप है कि यमुना साहा के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद उन्हें सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के लिए ले जाया गया। बाद में आशीघर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आरोपियों के खिलाफ गुस्सा जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes