उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में चोरी का खुलासा: बनारस में गंगा स्नान कर लौटा आरोपी एनजेपी पुलिस के हत्थे चढ़ा
सिलीगुड़ी,14 मई (नि.सं.)। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बनारस जाकर गंगा स्नान करने वाले आरोपी को सिलीगुड़ी लौटते ही एनजेपी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिमांड में पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर करीब 3 लाख 70 हजार रुपये नकद और सोने के गहने बरामद किए गए है।
डीसीपी राणा मुखर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 20 अप्रैल को एनजेपी थाना क्षेत्र के शीतलापाड़ा इलाके में चंदन साहा के घर में हुई चोरी का खुलासा कर लिया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी दीपक दास को गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, चंदन साहा बैंक से बड़ी रकम निकालकर घर में रखे थे। रात के समय जब परिवार सो रहा था, तभी आरोपी घर में घुसकर लाखों रुपये नकद और करीब 9 भरी सोना लेकर फरार हो गया था।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य स्रोतों के आधार पर जांच तेज की और 10 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के बाद आरोपी पहले कोलकाता से दीघा गया और फिर बनारस जाकर गंगा में स्नान किया। सिलीगुड़ी लौटते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया और उसके पास से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया।
डीसीपी ने बताया कि आगामी पूजा से पहले शहर की सुरक्षा और मजबूत करने के लिए सिलीगुड़ी में बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए सर्वे का काम जारी है और जल्द ही पूरा शहर निगरानी में होगा।
