सिलीगुड़ी, 23 दिसंबर (नि.सं)। सिलीगुड़ी में क्रिसमस के अवसर पर क्रिसमस कार्निवल 2025 का भव्य आयोजन किया गया। सिलीगुड़ी नगर निगम की पहल और सिलीगुड़ी यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम के सहयोग से इस मौके पर एक रंगारंग शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत कंचनजंघा स्टेडियम से हुई, जो हासमी चौक और सेवक मोड़ होते हुए महात्मा गांधी मोड़ पर जाकर संपन्न हुई। रैली में सामाजिक संदेशों वाले पोस्टर और गीत-संगीत के माध्यम से लोगों को शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। इसके बाद महात्मा गांधी मोड़ पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां उपस्थित लोग क्रिसमस की खुशियों में सराबोर नजर आए। कार्यक्रम में मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार, नगर निगम के कमिश्नर , बोरो चेयरपर्सन, मेयर परिषद के सदस्य, नगर निगम के अधिकारी तथा विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे शहर में क्रिसमस कार्निवल को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
