उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में ईस्टर्न बाईपास इलाके में दुस्साहसिक चोरी, लाखों रुपये और सोने के गहने गायब
सिलीगुड़ी, 13 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास के पास स्थित खुदीराम पल्ली इलाके में एक घर में हुई दुस्साहसिक चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। चोर लाखों रुपये नकद और सोने के गहने लेकर फरार हो गए।मिली जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को घर के मालिक अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। मंगलवार शाम जब वे वापस लौटे, तब घर में चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत आशिघर फाड़ी पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू किया।
घर के मालिक ने बताया कि अलमारी में करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद और कई सोने के आभूषण रखे थे। इनमें से लगभग 4 लाख 20 हजार रुपये और कुछ सोने के गहने चोरी हो गए है। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब है।
हैरानी की बात यह है कि घर का मुख्य दरवाजा और ताला पूरी तरह सही हालत में मिले। यहां तक कि घर की छत का टिन भी सुरक्षित है। ऐसे में चोर घर के अंदर कैसे घुसे, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी पास के एक घर में इसी तरह की चोरी की घटना हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोगों में डर का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
