सिलीगुड़ी में कचरा सफाई व्यवस्था पर नाराज नगर प्रशासक और नगर आयुक्त

सिलीगुड़ी, 25 जून (नि.सं.)। शहर की सड़कों पर जगह-जगह कचरे के ढेर, मुख्य मार्गों पर खुले में पड़ा कचरा और समय पर सफाई नहीं होने को लेकर सिलीगुड़ी नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर नगर प्रशासक आर.विमला और नगर आयुक्त वीर विक्रम राय ने नाराजगी जताई।

गुरुवार सुबह दोनों अधिकारियों ने शहर के विभिन्न इलाकों, खासकर सेवक रोड सहित कई महत्वपूर्ण सड़कों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्यों की स्थिति और कचरा उठाने की प्रक्रिया का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई जगहों पर लंबे समय से कचरा जमा है। कहीं समय पर सफाई नहीं हो रही, तो कहीं तय समय के काफी बाद सफाई की जा रही है। कुछ इलाकों में तो मुख्य सड़क पर ही कचरा पड़ा हुआ देखा गया।

इस स्थिति पर नगर आयुक्त वीर विक्रम राय ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में कई खामियां हैं, जिन्हें तुरंत सुधारना होगा। वहीं नगर प्रशासक आर. शिमला ने भी असंतोष जताते हुए कहा कि इस मुद्दे पर संबंधित कर्मचारियों के साथ चर्चा की जाएगी।

नगर प्रशासक ने निर्देश दिया है कि शहर की सड़कों से कचरा जल्द से जल्द हटाया जाए और सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच मुख्य सड़कें और महत्वपूर्ण इलाके पूरी तरह साफ रखे जाएं। इसके अलावा, अधिकारियों ने कंचनजंघा स्टेडियम का भी दौरा किया और वहां की आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes