ईस्टर्न बाईपास संलग्न खुदीरामपल्ली में तोड़ा गया अवैध निर्माण, जलभराव से लोगों को मिली राहत 

सिलीगुड़ी , 28 जून (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के ईस्टर्न बाईपास के पास स्थित खुदीरामपल्ली इलाके में जलभराव की समस्या से आखिरकार लोगों को राहत मिली है। कुछ दिन पहले इलाके में जमा पानी की स्थिति का जायजा लेने डाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र की विधायक शिखा चटर्जी पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि ईस्टर्न बाईपास के किनारे ड्रेन होने के बावजूद एक दुकान के अवैध निर्माण के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है। इसके बाद तुरंत उस अवैध निर्माण को हटाने का निर्देश दिया गया। निर्देश के अनुसार रविवार को स्थानीय भाजपा नेतृत्व और क्षेत्रवासियों की पहल पर संबंधित दुकान के अवैध हिस्से को तोड़ दिया गया। साथ ही ड्रेन में जमा कचरे की भी सफाई की गई, ताकि पानी आसानी से निकल सके।

अवैध निर्माण हटते ही ड्रेन में पानी का बहाव तेज हो गया और कुछ ही घंटों में इलाके में जमा पानी काफी हद तक उतर गया। इससे लंबे समय से जलभराव झेल रहे लोगों को राहत मिली है।

हालांकि, जलभराव के कारण पिछले कुछ दिनों से इलाके में बिजली सेवा बाधित थी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पानी कम होने के बाद जल्द ही बिजली आपूर्ति भी सामान्य हो जाएगी।

किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आशीघर फाड़ी और आशीघर सब-ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर मौजूद रही और पूरे कार्य की निगरानी की। पानी घटने से खुदीरामपल्ली के लोग अब राहत महसूस कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes