सिलीगुड़ी, 04 सितंबर (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस को एक ओर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अभियान चलाकर डकैती के मनसूबे पर पानी फेर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार भी किया है। इनके पास से दो आग्नेयास्त्र, दो बाइक और कुछ नकली नोट बरामद किये गये है। आज एनजेपी थाना में एक पत्रकार सम्मलेन के माध्यम से डीसीपी डीडी कुंवर सिंह भूषण ने जानकारी देते हुए कहा कि बिहार के एक डकैत गिरोह डैकैती के उद्देश्य से एनजेपी थाना क्षेत्र इलाके में ठिकाना बनाए है।
इसकी खबर एसटीएफ को मिलने के बाद सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस को इसकी जानकारी दी गयी। खबर के आधार पर मेट्रोपोलिटन पुलिस के डीडी और एनजेपी थाना पुलिस जांच में उतरी। इसके बाद पुलिस के संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। वहीँ, गिरफ्तार बदमाशों के पास से नकली रुपये कहा से आये है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।