सिलीगुड़ी, 26 जून (नि.सं.)। विश्व नशा विरोधी दिवस के अवसर पर “नशामुक्त सिलीगुड़ी” के लक्ष्य को लेकर सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के महिला थाना द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। महिला थाना की पुलिस ने बच्चों के साथ वीनस मोड़ से सेवक मोड़ तक पैदल रैली निकाली और नशामुक्त समाज बनाने की अपील की। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में नशामुक्ति के संदेश लिखे प्लेकार्ड और बैनर लेकर लोगों को जागरूक किया।
पुलिस की ओर से बताया गया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना और युवाओं को सही दिशा दिखाना है। इसके लिए समाज में व्यापक जनभागीदारी की भी आवश्यकता है। रैली के समापन पर बच्चों ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और आम लोगों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
